बलिया: यूपी के बलिया (Ballia) जिले में घरेलू हिंसा की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने शनिवार देर रात अपनी पत्नी और सास (wife and mother-in-law) की कथित तौर पर हत्या कर दी। यह घटना पत्नी के उसके साथ वापस लौटने से इनकार करने पर भड़क उठे थे। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि यह घटना नगर पुलिस थाना क्षेत्र के बछैपुर गांव में हुई।
आरोपी की पहचान अमित गोंड के रूप में हुई है। उसने कथित तौर पर अपनी पत्नी प्रीति (22) और उसकी मां सुशीला देवी (45) पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उसने अपने ढाई वर्षीय बेटे और ससुर अंतु गोंड (50) को भी घायल कर दिया, जिनका वाराणसी में इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, प्रीति पिछले कुछ महीनों से अपने मायके में रह रही थी क्योंकि उसके पति द्वारा कथित तौर पर उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। अमित हाल ही में नवरात्रि के दौरान उसे वापस लेने आया था, लेकिन उसने इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस हुई। बताया जाता है कि जाने से पहले उसने धमकी भी दी थी।
शनिवार रात को, पास में हो रही एक शादी का फायदा उठाते हुए, अमित कथित तौर पर छत के रास्ते घर में घुस गया और सोते हुए पीड़ितों पर हमला कर दिया। जब अंतु गोंड ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उस पर भी हमला किया गया। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस अधीक्षक और फोरेंसिक टीमों सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। ससुर की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है और आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।


