नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने लग्जरी बाइक चुराने वाले एक लड़के को गिरफ्तार (arrested) किया है, जिसने कई शो रूम से लग्जरी बाइक चुराई और उन्हें सस्ते दामों पर बेच दिया। आरोपी फर्राटेदार अंग्रेजी बोलते हुए शो रूम में घुसता था। इससे शो रूम के कर्मचारियों को उस पर यकीन हो जाता था। इसके बाद वह टेस्ट ड्राइव के लिए गाड़ियां लेता था। गाड़ियां लेकर वह शो रूम से निकल जाता था। इसके बाद लौटकर नहीं आता था। जब तक शो रूम के कर्मचारियों को ठगी का एहसास होता, तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका होता था।
आरोपी एमबीए का स्टुडेंट है, जिसने 3 महीने में 9 महंगी बाइक्स चुरा ली। बीबीए करने के बाद वह एमबीए कर रहा है। दिल्ली के विजय विहार थाने की पुलिस ने आरोपी को पकड़ा है। रोहिणी जिला पुलिस के विजय विहार थाना पुलिस ने चोरी के केस का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी पढ़ा लिखा बीबीए किया हुआ है। पुलिस ने बुलेट मोटर साइकिल चुराने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसका नाम पुनीत है। उसने दिल्ली के कई इलाकों और गुरुग्राम में बाइक के शोरूम को निशाना बनाया।
डीसीपी रोहिणी शशांक जायसवाल ने बताया कि आरोपी फर्जी आईडी बनाकर किसी भी बाइक शोरूम में जाकर टेस्ट ड्राइव के नाम पर महंगी बाइक उड़ा कर ले जाता था, जिसके बाद उन्हें सस्ते दामों में बेच देता था। बाइक के फर्जी दस्तावेजों को बनाकर बेचने के लिए सोशल साइट्स का भी इस्तेमाल करता था। दिल्ली पुलिस के मुताबिक आरोपी बीबीए कर चुका है, जिसकी करतूत से बाइक शोरूम और दिल्ली पुलिस भी परेशान थी। पुलिस ने कई शोरूम के मालिकों से बात करके नई बाइक जो टेस्ट ड्राइव के लिए होती है। इनमें जीपीएस लगवा दिया, जब पुनीत ने कुछ बाइक चुराई तो उसकी लोकेशन पता लगी।
डीसीपी रोहिणी शशांक जायसवाल ने बताया कि इस आरोपी ने तकरीबन 9 बाइक चुराई है। वह 3 लाख से 7 लाख रुपये तक की महंगी बाईक टारगेट करता था। गुरुग्राम-दिल्ली के बड़े शोरूम उसके निशाने पर थे। दिल्ली पुलिस ने इसे पकड़ने के लिए शोरूम मालिकों से बात करके टेस्ट ड्राइव वाली बाइक पर जीपीएस लगवाया ताकि, जब भी ये बाइक की टेस्ट ड्राइव के लिए शोरूम में पहुंचे तो इसका पीछा किया जा सके और इसे पकड़ा जा सके। पुलिस की समझदारी से ये चोर पकड़ में आ गया।


