28 C
Lucknow
Wednesday, April 1, 2026

दहेज उत्पीड़न का आरोप, विवाहिता की मौत से मचा हड़कंप

Must read

 

बरेली
एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद दहेज उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बदायूं के कोतवाली सदर क्षेत्र के बड़ी सराय निवासी साहिद हुसैन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बहन आफरीन की शादी 4 अप्रैल 2023 को बरेली के किला छावनी निवासी शाकिर के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में दो लाख रुपये और बाइक की मांग शुरू कर दी गई थी।

परिजनों का आरोप है कि मांग पूरी न होने पर आफरीन को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा। 30 मार्च को भी उसके साथ मारपीट की गई थी। जब मायके वालों को इस घटना की जानकारी मिली, तो वे तुरंत बरेली पहुंचे, जहां उन्हें पता चला कि आफरीन को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और वह कुछ बोलने की स्थिति में नहीं थी।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति शाकिर, जेठ आशिक, देवर रेहान और ननद आसमा के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। इस बीच, इलाज के दौरान मंगलवार देर रात आफरीन की मौत हो गई, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। मायके पक्ष ने इसे हत्या बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मामले पर जानकारी देते हुए इंस्पेक्टर सुभाष कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आवश्यकतानुसार धाराओं में बढ़ोतरी की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article