शाहजहांपुर। थाना रोजा क्षेत्र के एक गांव में युवती को घर से जबरन उठा ले जाने, मारपीट व अभद्रता करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस पर रिपोर्ट दर्ज न करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार उसके भाई का गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग है। इसी रंजिश में 28 मार्च की रात करीब दो बजे आरोपित पक्ष के लोग 25–30 की संख्या में लाठी-डंडों से लैस होकर उसके घर में घुस आए। आरोप है कि हमलावरों ने परिवार के लोगों के साथ मारपीट की और उसे बाल पकड़कर घसीटते हुए घर से बाहर निकाल लिया। पीड़िता का कहना है कि आरोपित उसे जबरन अपने घर ले गए, जहां कमरे में बंद कर उसके साथ अभद्रता की गई और कपड़े फाड़ दिए गए। विरोध करने पर जान से मारने और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी गई। बताया कि अगले दिन सुबह करीब 10 बजे उसके पिता ने पुलिस की मदद से उसे छुड़ाया। इसके बाद से आरोपित पक्ष लगातार फोन कर गाली-गलौज कर रहा है और जान-माल की धमकी दे रहा है। पीड़िता का आरोप है कि वह थाने पहुंची, लेकिन उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा है और पीड़िता ने उच्चाधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है।
जो युवती आरोप लगा रही वो सरासर गलत है युवती के भाई ने गांव की एक युवती को अपने साथ ले गया था उसी सम्बन्ध में गांव की आशा कार्यकत्री ने युवती को बुलाकर उसके भाई का नंबर लेने के लिए बुलाया था। जैसे ही सूचना मिली उन्होंने महिला पुलिस भेजकर युवती को सुरक्षित ले आए। प्रेम प्रसंग प्रकरण में युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है
राजीव कुमार थाना प्रभारी रोजा


