नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद अखिलेश यादव बुधवार को संसद भवन परिसर में हाथों में ‘दानपात्र’ लेकर पहुंचे और अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट में दान की राशि के कथित उपयोग और पारदर्शिता के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि राम भक्तों द्वारा श्रद्धा से दिए गए दान का पूरा हिसाब देश के सामने आना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि दान की राशि के उपयोग को लेकर सवाल उठ रहे हैं और सरकार को इस पूरे मामले में पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए।
सपा प्रमुख ने तंज कसते हुए कहा कि जब जनता से दान लिया जाता है तो उसके उपयोग का स्पष्ट लेखा-जोखा भी सार्वजनिक होना चाहिए। उनके इस प्रतीकात्मक प्रदर्शन से संसद परिसर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई और सत्ता पक्ष तथा विपक्ष के बीच इस मुद्दे पर तीखी बहस देखने को मिली।


