फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देश पर शनिवार को एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने एआरएम रोडवेज राजेश कुमार के साथ संयुक्त रूप से डग्गामार बसों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया। अभिसूचना के आधार पर दिल्ली से आने वाली बसों की विशेष चेकिंग की गई, जिसमें एक बस बिना वैध परमिट संचालित पाई गई। उक्त बस पर 70 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अतिरिक्त दो अन्य बसों में भी विभिन्न कमियां मिलने पर 64 हजार रुपये का दंड अधिरोपित किया गया।
इसी अभियान के दौरान नवाबगंज क्षेत्र में दो स्कूल बसों की जांच की गई। जांच में एक बस बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के संचालित पाई गई, जबकि दोनों बसें बिना परमिट चल रही थीं। परिवहन नियमों के उल्लंघन पर दोनों स्कूल बसों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई करते हुए 35 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
सभी संबंधित बसों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के फर्रुखाबाद बस स्टेशन पर निरुद्ध कर दिया गया है। इस संयुक्त कार्रवाई में परिवहन विभाग द्वारा कुल 1.69 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने बताया कि होली पर्व के मद्देनजर आमजन को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


