झांसी: यूपी के झांसी (Jhansi) में हत्या (murder) की एक हैरान कर देने वाली बात सामने आई है, जहां एक युवक (young man) ने अपने बड़े भाई की कुल्हाड़ी से हत्या कर शव को घर में ही दफना दिया। पुलिस को उस पर शक न हो, इसीलिए उसने थाने में जाकर भाई की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई। हालांकि, पुलिस ने उसके मंसूबों पर पानी फेरते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने अपना गुनाह कबूल करते हुए कत्ल की खौफनाक स्टोरी पुलिस को सुनाई।
मामला प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बिहारीपुरा खड़इया मोहल्ला का है। जहां छोटे भाई ने बड़े भाई की सोते समय कुल्हाड़ी से हत्या की और फिर लाश को घर के पीछे ही गड्ढा खोदकर दफना दिया। उसके बाद उसने थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत करते हुए बताया कि उसका भाई 9-10 फरवरी से लापता चल रहा है। शिकायत मिलते ही पुलिस जांच में जुटी, जांच के दौरान पुलिस ने लापता तारिक के फोन की लोकेशन चेक किया।
लोकेशन चेक करने पर पुलिस को पता चला कि तारिक का फोन कहीं और नहीं लास्ट टाइम घर पर ही ऑन था। इन सबके बीच तारिक के मामा ने पुलिस को जानकारी दी कि तारिक और उसके छोटे भाई मसारिक बेग के बीच संपत्ति को लेकर झगड़ा चल रहा था, उसी ने ही उसके साथ कुछ गलत किया होगा। जिसके बाद पुलिस ने शक के आधार पर मासरिक को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। इस दौरान उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया और बताया कि संपत्ति हड़पने के लालच में उसने बड़े भाई की हत्या की है। पुलिस आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।


