शमशाबाद। थाना क्षेत्र के गांव नगला दलेल निवासी एक महिला पर लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस के अनुसार गांव नगला दलेल निवासी अली निदा पत्नी मोहम्मद कासिम ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 30 मई 2026 को वह अपने घर पर मौजूद थीं। आरोप है कि उसी दौरान गांव के ही मतीन, रफीक, स्वदेश कुमार, अमित कुमार तथा अन्य लोग लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर पहुंच गए और गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर आरोपियों ने कथित रूप से मारपीट शुरू कर दी, जिससे पीड़िता गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के दौरान जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। घायल महिला का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया, जिसमें चोटों की पुष्टि होने के बाद मामला दर्ज किया गया।
न्यायालय के आदेश एवं उच्चाधिकारियों के निर्देश के अनुपालन में थाना शमशाबाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।


