कंपिल। क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिकंदरपुर तिहइया के मजरा हन्या में शनिवार को अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने पांच परिवारों को भारी नुकसान पहुंचाया। आग की चपेट में आने से एक पशुपालक की 20 भेड़ें जिंदा जल गईं, जबकि कई झोपड़ियां, गृहस्थी का सामान, नकदी और पशुओं का चारा जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले गांव निवासी नेत्रपाल पुत्र भगवंत की झोपड़ी के पास लगी। तेज हवा के चलते आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास बनी झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि ग्रामीणों को सामान निकालने तक का मौका नहीं मिल सका।
अग्निकांड में नेत्रपाल की 20 भेड़ें झोपड़ी में बंधी होने के कारण जिंदा जल गईं। वहीं कल्लू पाल की झोपड़ी में रखा समस्त गृहस्थी का सामान और 16 हजार रुपये की नकदी आग की भेंट चढ़ गई। इसके अलावा मुकेश, सुरेश और रवेंद्र की झोपड़ियां भी जल गईं, जिनमें रखा पशुओं का चारा और अन्य घरेलू सामान नष्ट हो गया।
आग लगने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने बाल्टियों और अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के सामने उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए। घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी देर तक चले राहत कार्य के बाद आग पर काबू पाया।
घटना की जानकारी मिलने पर राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। लेखपाल और कानूनगो ने प्रभावित परिवारों से जानकारी लेकर नुकसान का आकलन किया तथा रिपोर्ट तैयार की। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है।
भीषण अग्निकांड, 20 भेड़ें जिंदा जलीं, पांच परिवारों की गृहस्थी राख


