कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता (Kolkata) स्थित एक बहुमंजिला इमारत (multi-storey building) में आग लग गई। शहर के जीजे खान रोड स्थित इस बहुमंजिला इमारत में आग लगने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि तीन अन्य लोग बुरी तरह झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की पूरी जांच की जा रही है ताकि सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आग तपसिया के 50/1 जीजे खान रोड स्थित चार मंजिला इमारत की दूसरी मंजिल पर लगी। आग इतनी तेजी से फैली कि वहां मौजूद पांच लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। खुद को बचाने के लिए ये सभी लोग बाथरूम में छिप गए, लेकिन वहां काले धुएं के कारण दम घुटने लगा। दमकल कर्मियों ने उन्हें रेस्क्यू कर नेशनल मेडिकल कॉलेज (National Medical College) भेजा, जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल के चार इंजन मौके पर पहुंचे और युद्धस्तर पर बचाव कार्य शुरू किया। दमकल अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट (Short Circuit) लग रही है। हालांकि, घटना की पूरी जांच की जा रही है ताकि सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।
इस अग्निकांड के बाद पूरे इलाके में तनाव और आतंक का माहौल है। पुलिस और प्रशासन के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं और स्थिति अब नियंत्रण में बताई जा रही है। अस्पताल में भर्ती तीन घायलों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री अग्निमित्रा पॉल (Agnimitra Paul) भी मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि जिस इमारत में आग लगी, वह पूरी तरह अवैध बताई जा रही है। उनके अनुसार इमारत को न तो फायर विभाग से एनओसी मिली थी और न ही जरूरी फायर लाइसेंस जारी किया गया था। इसके बावजूद वहां काम चल रहा था, जो बेहद गंभीर लापरवाही मानी जा रही है।
अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि राज्य में इस तरह की अवैध इमारतें लंबे समय से बनती रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के समय ऐसी इमारतों को बढ़ावा मिला। मंत्री ने कहा कि इससे पहले कस्बा इलाके में वाओ मोमो फैक्ट्री में भी आग लगने की घटना सामने आई थी और अब तिलजाला में फिर ऐसा हादसा हो गया। उन्होंने कहा कि बार-बार हो रही ऐसी घटनाएं प्रशासनिक लापरवाही की ओर इशारा करती हैं।


