37 C
Lucknow
Monday, March 30, 2026

मजदूर के बेटे ने रचा इतिहास, पीसीएस पास कर बना डीएसपी

Must read

 

लखीमपुर खीरी। संघर्ष और मेहनत की मिसाल पेश करते हुए एक मजदूर के बेटे ने बड़ी सफलता हासिल की है। अमीरनगर क्षेत्र के गंगापुर ग्रंट निवासी संतराम के पुत्र वरुण कुमार ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की पीसीएस परीक्षा पास कर डीएसपी पद हासिल किया है। रविवार रात परिणाम घोषित होते ही परिवार और गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।

वरुण की सफलता के पीछे उनके परिवार का त्याग और उनका अटूट संकल्प रहा है। पिता संतराम ने मजदूरी कर बेटे को पढ़ाया और उसकी पढ़ाई के लिए तीन बीघा जमीन तक बेच दी। आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी, जिसका परिणाम आज सभी के सामने है।

वरुण की शुरुआती शिक्षा गांव के प्राथमिक विद्यालय से हुई। इसके बाद उन्होंने अमीरनगर के जहीर हसन इंटर कॉलेज से हाईस्कूल और मोहम्मदी के पीडी इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट किया। आगे की पढ़ाई उन्होंने शाहजहांपुर के जीएफ कॉलेज से बीएससी कर पूरी की और फिर प्रयागराज जाकर छह साल तक लगातार तैयारी की।

परिवार आज भी गांव में कच्चे मकान में रहता है, लेकिन बेटे की इस सफलता ने उनकी जिंदगी बदलने की उम्मीद जगा दी है। वरुण के घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है और पूरे इलाके में उनके संघर्ष की चर्चा हो रही है।

इसी परीक्षा में मितौली क्षेत्र के चटौरा गांव की निधि वर्मा ने भी सफलता हासिल कर समाज कल्याण अधिकारी का पद प्राप्त किया है। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार के सहयोग और अपनी मेहनत से उन्होंने यह मुकाम हासिल किया, जिससे क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिल रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article