कानपुर: घाटमपुर क्षेत्र में रिंद नदी पुल पर गुरुवार तड़के एक बड़ा हादसा यातायात व्यवस्था पर भारी पड़ गया। बिधनू थाना क्षेत्र की ओर स्थित पुल के छोर पर सुबह करीब तीन बजे दो डंपरों (dump trucks) की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों डंपर क्षतिग्रस्त होकर पुल पर ही खड़े रह गए, जिससे दोनों ओर लंबा जाम लग गया। स्थिति यह रही कि करीब 15 किलोमीटर तक वाहनों की कतारें (traffic jam) लग गईं।
हादसे के बाद कई घंटे बीत जाने के बावजूद मौके पर पुलिस नहीं पहुंची, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों में भारी नाराजगी देखने को मिली। जाम में फंसे लोग गर्मी, थकान और समय की बर्बादी से परेशान होते रहे। स्कूली वाहन, एंबुलेंस और रोजमर्रा के काम से निकलने वाले लोग भी जाम में फंसकर बेहाल हो गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे की सूचना पुलिस को समय रहते दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद कोई भी जिम्मेदार अधिकारी या पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। यदि समय पर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवा दिया जाता तो इतना लंबा जाम नहीं लगता। लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस की लापरवाही के कारण उन्हें घंटों परेशान होना पड़ा।
करीब सुबह आठ बजे, जब हालात असहनीय हो गए, तब डंपर चालक ने खुद ही प्रयास कर क्षतिग्रस्त वाहन को किसी तरह सड़क के किनारे कराया। इसके बाद करीब पांच घंटे बाद जाम खुल सका और यातायात धीरे-धीरे सामान्य हुआ। जाम खुलते ही लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन पुलिस की गैरहाजिरी को लेकर नाराजगी बनी रही।


