शाहजहांपुर। ददरौल क्षेत्र में किसानों की समस्याओं को लेकर शनिवार को करणी सेना और क्षेत्रीय किसानों ने आवाज बुलंद की। करणी सेना के प्रदेश महामंत्री ओमवीर सिंह राठौड़ के नेतृत्व में किसानों ने ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपकर बरी खास में सरकारी गेहूं क्रय केंद्र जल्द शुरू कराने की मांग की।
किसानों का कहना है कि फसल तैयार करने में करीब पांच महीने की मेहनत लगती है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। सरकारी क्रय केंद्र बंद होने के कारण मजबूरन किसानों को गेहूं औने-पौने दामों में बेचना पड़ रहा है। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने मांग की कि क्षेत्र के सभी सरकारी क्रय केंद्रों को तत्काल प्रभाव से चालू कराया जाए, ताकि किसानों को उनकी फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य मिल सके और बिचौलियों के शोषण से राहत मिले।
इस दौरान शेखर सिंह, आकाश मिश्रा उर्फ गुल्लू, सूर्य प्रताप सिंह, दीपक शर्मा, अरविंद कुमार सिंह, सचिन शुक्ला, श्याम सुंदर सिंह, राना प्रताप सिंह, आशीष चौहान, हलधर सिंह, सौरभ सिंह, अतुल सिंह चौहान, छोटे सिंह, प्रमोद शुक्ला, मुनीश्वर वर्मा, आकाश श्रीवास्तव, मूलचंद कश्यप सहित बड़ी संख्या में किसान और करणी सेना के कार्यकर्ता मौजूद रहे।


