23 C
Lucknow
Friday, April 10, 2026

नकली नोटों का भंडाफोड़: हैंडीक्राफ्ट कारोबारी गिरफ्तार, ₹20,000 जाली नोट बरामद

Must read

 

 

 

 

संभल पुलिस और एटीएस मुरादाबाद की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़े नकली नोटों के नेटवर्क का खुलासा हुआ है। इस ऑपरेशन के दौरान एक हैंडीक्राफ्ट कारोबारी को ₹20,000 के जाली नोटों के साथ गिरफ्तार किया गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

 

यह कार्रवाई थाना हयातनगर क्षेत्र के सरायतरीन कस्बे के कच्चा बाजार में की गई। पुलिस और एटीएस की टीमों ने कुल आठ स्थानों पर छापेमारी की, जिसके बाद पन्नीग्राम सरायतरीन निवासी शराफत हुसैन पुत्र शहादत हुसैन को हिरासत में लिया गया।

 

गिरफ्तार आरोपी के पास से ₹500 के 35 नोट, ₹200 के 6 नोट और ₹100 के 13 नोट बरामद हुए, जिनकी कुल नकली रकम ₹20,000 बताई जा रही है। बरामदगी के बाद पूरे नेटवर्क की जांच तेज कर दी गई है।

 

एएसपी उत्तरी कुलदीप सिंह ने बताया कि एटीएस मुरादाबाद को संभल में जाली नोटों की सप्लाई से जुड़ी गुप्त सूचना मिली थी। इसी आधार पर एटीएस और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए यह गिरफ्तारी की। उन्होंने कहा कि पूछताछ के आधार पर आगे की कड़ियों को जोड़ने की कोशिश की जा रही है।

 

अधिकारियों ने यह भी बताया कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं से की जा रही है, जिसमें यह भी देखा जा रहा है कि क्या इसके पीछे किसी बड़े गिरोह या संगठित नेटवर्क का हाथ है। आरोपी को रिमांड पर लेकर आगे पूछताछ की जाएगी।

 

इस पूरे ऑपरेशन में एटीएस मुरादाबाद और थाना हयातनगर पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। इससे पहले गुरुवार को भी एक हैंडीक्राफ्ट कारोबारी पिता-पुत्र को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था, जिससे इस मामले की शुरुआत मानी जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article