हमीरपुर
शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब बेतवा पुल के नीचे एक अज्ञात वृद्ध का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
यह घटना कोठी नंबर एक के पास बेतवा पुल के नीचे की है, जहां राहगीरों ने एक वृद्ध का शव पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 60 वर्ष से अधिक प्रतीत हो रही है। उसके सिर और शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह पुल से गिरा हो सकता है और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस ने शव की शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए हैं। आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है और स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है ताकि मृतक की पहचान हो सके।
गौरतलब है कि दो दिन पहले भी बेतवा पुल के पास ही एक अन्य वृद्ध शिवनारायण का शव मिला था, जिससे क्षेत्र में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।


