इटावा
जनपद में आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। मिठ्ठेपुर क्षेत्र के पास हाइड्रा चालक की झपकी लगने से वह चलते वाहन से नीचे गिर पड़ा और पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मैनपुरी जनपद के थाना दन्नाहार क्षेत्र के जसवंतपुर निवासी 45 वर्षीय राजेश कुमार के रूप में हुई है, जो पेशे से हाइड्रा चालक था।रात वह काम के सिलसिले में आगरा-कानपुर हाईवे के रास्ते इटावा की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि उस समय हाइड्रा वाहन को उसका सहयोगी बलवीर चला रहा था, जबकि राजेश कुमार वाहन पर बैठा हुआ था।
रात करीब 12 बजे जैसे ही वाहन मिठ्ठेपुर क्षेत्र के पास पहुंचा, तभी राजेश कुमार को अचानक झपकी आ गई और संतुलन बिगड़ने से वह हाइड्रा से नीचे सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहा एक ट्रक उसे कुचलता हुआ निकल गया। हादसा इतना अचानक और गंभीर था कि राजेश को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, घर में कोहराम मच गया। मृतक के भाई सुनील ने बताया कि राजेश चार भाइयों में सबसे बड़ा था और परिवार की जिम्मेदारियां उसी के कंधों पर थीं। उसकी मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सिविल लाइंस थाना प्रभारी केके मिश्रा ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार ट्रक चालक की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह हादसा एक बार फिर हाईवे पर सुरक्षा और सतर्कता की जरूरत को उजागर करता है। जरा सी लापरवाही या थकान भी किस तरह जानलेवा साबित हो सकती है, यह घटना उसका ताजा उदाहरण है। वहीं मृतक के परिवार की मांग है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।


