औरैया
जनपद के बेला थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करना एक किशोरी और उसके पिता के लिए मुसीबत बन गया। अधिक लाइक और फॉलोअर्स पाने की होड़ में किशोरी ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की फोटो के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर आपत्तिजनक गीत लगाकर वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। मामला सामने आते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
जानकारी के अनुसार, बेला थाना क्षेत्र के झबरा गांव निवासी करीब 17 वर्षीय किशोरी ने गुरुवार देर शाम अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो में उसने एक आपत्तिजनक गीत को कॉपी-पेस्ट कर अपनी फोटो के साथ अपलोड किया था। इतना ही नहीं, अधिक चर्चित होने के उद्देश्य से उसने अपने पिता को भी वीडियो में शामिल कर लिया और दोनों ने मिलकर गीत गाया।
शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे जैसे ही यह वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया, बेला थानाध्यक्ष गंगादास गौतम महिला पुलिस टीम के साथ तुरंत गांव पहुंचे और किशोरी व उसके पिता राजेश यादव को हिरासत में लेकर थाने ले आए। पूछताछ के दौरान किशोरी ने स्वीकार किया कि उसने बिना सोचे-समझे केवल लाइक और कमेंट्स पाने के उद्देश्य से यह वीडियो पोस्ट किया था।
विरोध बढ़ने और संभावित कानूनी कार्रवाई के डर से किशोरी ने बाद में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली और अपनी गलती स्वीकार की। पुलिस ने भी मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए किशोरी के नाबालिग होने को ध्यान में रखा और सख्त चेतावनी देकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। साथ ही उसके पिता को भी भविष्य में इस प्रकार की गलती न दोहराने की हिदायत दी गई।
थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि आपत्तिजनक वीडियो को तुरंत डिलीट करा दिया गया है और दोनों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर इस तरह की पोस्ट न केवल कानूनन अपराध हो सकती है, बल्कि इससे सामाजिक सौहार्द भी प्रभावित होता है।
यह घटना एक बार फिर यह संदेश देती है कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय सतर्कता और जिम्मेदारी बेहद जरूरी है। आज की युवा पीढ़ी लाइक और वायरल होने की दौड़ में कई बार ऐसे कदम उठा लेती है, जो बाद में उनके लिए गंभीर परेशानी का कारण बन जाते


