22 C
Lucknow
Thursday, April 9, 2026

ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से तीन की दर्दनाक मौत, तीन गंभीर घायल

Must read

 

कासगंज

गंजडुंडवारा थाना क्षेत्र के ग्राम नगला जैली में बृहस्पतिवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। नरदोली-बहोरा मार्ग पर शाम करीब छह बजे उस समय चीख-पुकार मच गई, जब एक ट्रैक्टर का बंपर अचानक टूट गया और उससे जुड़ी ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में तीन ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें हालत नाजुक होने पर उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम नगला जैली के कुछ ग्रामीण गंजडुंडवारा क्षेत्र के ही ग्राम बरा जलालपुर में एक रिश्तेदार सुकटी देवी के निधन पर शोक व्यक्त करने गए थे। वहां से लौटते समय वे ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर अपने गांव वापस आ रहे थे। रास्ते में नरदोली-बहोरा मार्ग पर अचानक ट्रैक्टर का अगला बंपर टूट गया, जिससे चालक संतुलन खो बैठा और ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि ट्राली में सवार लोग उसके नीचे दब गए और मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई।
इस हादसे में 60 वर्षीय महाराज सिंह पुत्र प्यारे लाल, 50 वर्षीय मुकेश पुत्र तेजराम तथा राजेंद्र पुत्र पातीराम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं विनीता (45) पत्नी मुकेश, सुनीता (35) पत्नी भूरे और बिजेंद्र (50) पुत्र नरोत्तम गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों के सिर, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। उपजिलाधिकारी प्रदीप कुमार विमल, क्षेत्राधिकारी संदीप वर्मा तथा प्रभारी निरीक्षक अजय वीर मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद ग्राम नगला जैली समेत आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के घरों में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर ओर गमगीन माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता और घायलों के समुचित इलाज की मांग की है

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article