कुवैत
हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में जम्मू-कश्मीर के पीर पंजाल क्षेत्र के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। यह हादसा बुधवार शाम एक राजमार्ग पर हुआ, जहां प्रवासी मजदूरों से भरी गाड़ी तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर दूसरे वाहन से टकरा गई।
हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही पांच लोगों की जान चली गई। मृतकों में चार लोग पुंछ जिले की सुरनकोट तहसील के निवासी थे, जबकि एक व्यक्ति राजोरी जिले की थन्नामंडी तहसील का रहने वाला था।
मृतकों की पहचान फरीद अहमद, सरफराज अहमद, मोहम्मद खालिद, मुख्तार अहमद और मुमताज रशीद के रूप में हुई है। हादसे में घायल एक अन्य युवक को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसे की खबर गुरुवार सुबह जैसे ही मृतकों के गांवों—बच्चेयांवाली, शींदरा और थन्नामंडी—में पहुंची, वहां मातम छा गया। परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
बताया जा रहा है कि सभी लोग रोजी-रोटी कमाने के लिए कुवैत गए थे और वहां मजदूरी का काम करते थे। इस घटना ने एक बार फिर विदेशों में काम कर रहे प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय प्रशासन और भारतीय दूतावास की ओर से मृतकों के शव भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। वहीं, हादसे की जांच भी की जा रही है ताकि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।


