लखनऊ
मानकनगर थाना क्षेत्र में एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 23 वर्षीय विशाल सिंह पुत्र दिनेश सिंह, निवासी राम नगर के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, विशाल ने बुधवार दोपहर अपने घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में फांसी लगाई। वह सुबह अपने कमरे में गया था और काफी देर तक बाहर नहीं निकला। दोपहर करीब 12 बजे जब उसकी दादी उसे खाने के लिए बुलाने गईं, तो वह पंखे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे।
परिजन तुरंत उसे नीचे उतारकर अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।
पिता दिनेश सिंह ने बताया कि विशाल ने बीए की पढ़ाई पूरी कर ली थी और इन दिनों प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। वह पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी रुचि रखता था और क्रिकेट का अच्छा खिलाड़ी था। वह लेफ्ट आर्म गेंदबाज था और अंडर-16 स्तर तक ट्रायल भी दे चुका था।
परिवार के अन्य सदस्य, विशेषकर चाचा विनय सिंह का कहना है कि घटना से पहले विशाल का एक दोस्त घर आया था। बातचीत के दौरान पैसों के लेनदेन की बात सामने आई थी। परिजनों को आशंका है कि इसी तनाव के कारण उसने यह कदम उठाया।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई पूरी कर ली गई है और फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


