लखनऊ
निगोहां थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान 22 वर्षीय रैंकिश के रूप में हुई, जो नंदौली गांव का निवासी था और पिछले करीब 12 घंटे से लापता बताया जा रहा था।
घटना निगोहां गांव स्थित गैस गोदाम के पास बाबू खेड़ा रोड की है, जो मृतक के घर से लगभग 6 किलोमीटर दूर है। सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे शव देखा और इसकी सूचना परिजनों व पुलिस को दी। मौके पर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं बड़ी संख्या में ग्रामीण भी जमा हो गए।
मृतक के बड़े भाई लवकुश ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि रैंकिश की हत्या उसके ही दोस्तों ने की है। उनका कहना है कि सोमवार सुबह वह काम पर गया था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा। फोन भी बंद मिला। पूरी रात तलाश के बाद सुबह उसका शव मिला, जिससे परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।
परिजनों के मुताबिक रैंकिश ब्रह्मदासपुर के कुछ राजमिस्त्रियों के साथ काम करने गया था। वहीं, पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि काम के बाद वह अपने साथियों के साथ था और लौटते समय शराब पार्टी भी हुई थी। इसके बाद उसके साथी अपने-अपने घर चले गए, लेकिन रैंकिश घर नहीं पहुंचा।
पुलिस ने बताया कि शव के पास से उसका मोबाइल फोन नहीं मिला है, जिससे मामले में संदेह और गहरा गया है। हालांकि, मृतक के शरीर पर बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं पाए गए हैं। पुलिस सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के जरिए पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी के अनुसार शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने कहा है कि सभी पहलुओं—हत्या, दुर्घटना या अन्य कारण—को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।


