स्पीकर कार्यालय के बाहर गुलदस्ता रखकर फरार हुआ आरोपी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था पर उस समय गंभीर सवाल खड़े हो गए, जब एक कार गेट नंबर-2 का बैरियर तोड़ते हुए जबरन परिसर के अंदर घुस गई। घटना से पूरे प्रशासनिक तंत्र में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यूपी नंबर की एक कार तेज रफ्तार में विधानसभा के गेट नंबर-2 पर पहुंची और सुरक्षा बैरियर को तोड़ते हुए अंदर प्रवेश कर गई। उस समय सुरक्षा कर्मियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि सुरक्षा में बड़ी चूक हुई है।
बताया जा रहा है कि कार सवार व्यक्ति सीधे स्पीकर कार्यालय के बाहर पहुंचा और वहां एक गुलदस्ता रखकर तुरंत मौके से फरार हो गया। यह कृत्य संदिग्ध माना जा रहा है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और पूरे विधानसभा परिसर की सघन जांच शुरू की गई। गुलदस्ते को भी जांच के दायरे में लिया गया, ताकि किसी प्रकार के खतरे को पूरी तरह से नकारा जा सके।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और कार व आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। सुरक्षा में तैनात कर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी और सुरक्षा में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली विधानसभा में सुरक्षा में बड़ी चूक, बैरियर तोड़कर घुसी कार से मचा हड़कंप


