रायबरेली में 6 अप्रैल को प्रस्तावित जिला विकास एवं समन्वय समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक में सांसद राहुल गांधी शामिल नहीं होंगे। अब इस बैठक की अध्यक्षता अमेठी के सांसद किशोरी लाल शर्मा (के.एल. शर्मा) करेंगे। इस बदलाव को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों में भी संशोधन किया गया है।
सूत्रों और जिला प्रशासन को भेजे गए पत्र के अनुसार, राहुल गांधी ने स्वास्थ्य कारणों से अपना दौरा रद्द कर दिया है। बताया जा रहा है कि उनकी मां और रायबरेली की पूर्व सांसद सोनिया गांधी का स्वास्थ्य ठीक नहीं है और वह दिल्ली में उपचार करा रही हैं। इसी वजह से राहुल गांधी को अपना कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा।
गौरतलब है कि यह दूसरी बार है जब राहुल गांधी का रायबरेली दौरा रद्द हुआ है। इससे पहले भी उनका प्रस्तावित कार्यक्रम स्थगित किया जा चुका है। हालांकि, पार्टी और प्रशासन की ओर से बैठक को तय समय पर ही आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
यह दिशा बैठक शहर के बचत भवन में आयोजित की जाएगी। बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। जिला स्तरीय अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट ली जाएगी और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा होगी।
जिला प्रशासन ने बैठक को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। बचत भवन परिसर में टेंट लगाने का काम चल रहा है और आवागमन को व्यवस्थित करने के लिए बैरियर लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।
बैठक में अमेठी के सांसद किशोरी लाल शर्मा के साथ रायबरेली के उपसभापति और अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। प्रशासन को उम्मीद है कि बैठक के माध्यम से विकास योजनाओं की समीक्षा कर उन्हें और प्रभावी ढंग से लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।


