25.5 C
Lucknow
Sunday, April 5, 2026

पेड़ पर फंदे से लटका मिला किशोर का शव: हत्या की आशंका से हड़कंप, तीन युवकों पर आरोप

Must read

 

औरैया

जनपद के बिधूना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कीरतपुर में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर खेतों में एक पेड़ पर किशोर का शव फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कीरतपुर गांव निवासी जगदीश चंद्र का 16 वर्षीय पुत्र सुमित शनिवार दोपहर करीब दो बजे गांव के ही तीन युवकों के साथ घर से निकला था। परिजनों के मुताबिक, देर रात तक जब वह घर वापस नहीं लौटा तो उन्हें चिंता होने लगी। उन्होंने सुमित को कई बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। रातभर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सुबह करीब पांच बजे उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ हो गया, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई।
रविवार सुबह करीब छह बजे गांव के कुछ लोग खेतों की ओर गए तो उन्होंने एक कंज के पेड़ पर गमछे के सहारे लटका हुआ शव देखा। पास जाकर पहचान करने पर शव सुमित का निकला। यह खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
मृतक के पिता जगदीश चंद्र ने गांव के ही तीन युवकों पर पुत्र की हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सुमित उन्हीं युवकों के साथ गया था और उसके बाद से वह लापता हो गया। ऐसे में यह घटना साधारण आत्महत्या नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश प्रतीत होती है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी मुकेश बाबू चौहान व चौकी प्रभारी बदनपुर कृष्ण गोपाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला संदिग्ध है और हत्या व आत्महत्या दोनों पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और संदिग्ध युवकों से पूछताछ की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। सुमित पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था और उसकी मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article