बरेली
नगर निगम ने शहर की सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए शनिवार को बड़े पैमाने पर अभियान चलाया। नगर आयुक्त संजीव मौर्य के निर्देश पर नगर निगम की टीम ने मिनी बाइपास और किला क्षेत्र में बुलडोजर से कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जेदारों को हटाया। इस दौरान सड़क पर रखे गए सामान को जब्त किया गया और मौके पर ही 70,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
नगर निगम की औचक कार्रवाई से अवैध कब्जेदारों में हड़कंप मच गया। टीम ने सबसे पहले मिनी बाइपास रोड पर अवैध रूप से रखे गए पांच ट्रॉली रेत और बजरी को जब्त किया। इसके बाद किला क्षेत्र के फुटपाथ पर स्थित दुकानों और स्टॉल का सामान जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान कई कब्जेदारों ने विरोध किया और नोकझोंक की, लेकिन नगर निगम की टीम ने सख्ती दिखाते हुए उन्हें मौके से हटा दिया।
नगर निगम के प्रवर्तन दल ने बताया कि अभियान का उद्देश्य शहर की मुख्य सड़कों और फुटपाथों को यातायात के लिए सुगम बनाना और आम जनता को जाम और अतिक्रमण की समस्या से बचाना है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण से न केवल राहगीरों को परेशानी होती है बल्कि सड़क सुरक्षा और सफाई पर भी असर पड़ता है।
राजस्व निरीक्षक सच्चिदानंद ने बताया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान शहर के विभिन्न इलाकों में लगातार जारी रहेगा। नगर निगम टीम समय-समय पर सड़कों और फुटपाथों की निगरानी करेगी और किसी भी तरह के अवैध कब्जे पर तुरंत कार्रवाई करेगी।
नगर निगम ने शहरवासियों और व्यापारियों से अपील की है कि वे अपने सामान को सड़कों या फुटपाथों पर न रखें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर न केवल उनका सामान जब्त किया जाएगा बल्कि जुर्माना भी वसूला जाएगा। इस तरह की कार्रवाई से शहर की सड़कों और फुटपाथों को साफ और व्यवस्थित बनाए रखने में मदद मिलेगी।
नगर निगम की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि शहर में अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि जनता की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना प्राथमिकता है और सभी को नियमों का पालन करना अनिवार्य है।


