शाहजहांपुर, 04 अप्रैल। जनपद में पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र ने आज जलालाबाद स्थित भगवान परशुराम मंदिर एवं उससे संबंधित झील के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। यह कार्य भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय की स्वदेश दर्शन योजना आध्यात्मिक परिपथ-1 के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से परशुरामपुरी को एक प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर एवं झील क्षेत्र में चल रहे निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था के अभियंताओं एवं संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। साथ ही उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि कार्य में किसी प्रकार की कमी न हो और सभी कार्य मानकों के अनुरूप हो सके।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि कार्यों में तेजी लाने हेतु एक साप्ताहिक कार्य योजना तैयार की जाए तथा आवश्यकतानुसार मजदूरों की संख्या बढ़ाई जाए, जिससे परियोजना समयबद्ध रूप से पूर्ण हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि यह परियोजना जनपद की पर्यटन संभावनाओं को नई दिशा प्रदान करेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के अवसर भी बढ़ाएगी। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि परिसर की स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था एवं आगंतुकों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर अनुभव प्राप्त हो सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने भगवान परशुराम के मंदिर में विधिवत दर्शन एवं पूजा अर्चना की।
इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


