*8 माह बाद खेत से मिला शव; मास्टरमाइंड देवेंद्र यादव गिरफ्तार, जेल भेजा गया, गैंगस्टर लगाने की मांग*
*अमृतपुर/फर्रुखाबाद,*
जनपद के बहुचर्चित ओमवीर हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के सख्त निर्देश पर बहादुर थाना अध्यक्ष रक्षा सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस जघन्य वारदात के मुख्य साजिशकर्ता (मास्टरमाइंड) देवेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
परिजनों के अनुसार, ओमवीर पुत्र पेशकार का पहले अपहरण किया गया, जिसके बाद आरोपियों ने उसके हाथ-पैर बांधकर उसे जिंदा जमीन में दफन कर दिया। घटना के बाद लंबे समय तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका, जिससे परिजन न्याय के लिए दर-दर भटकते रहे और अधिकारियों के चक्कर काटते रहे।
करीब आठ माह बाद पुलिस जांच के दौरान ओमवीर का शव आरोपियों के ही खेत में दबा हुआ बरामद हुआ, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया।
पुलिस टीमों ने सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से लगातार दबिश देकर आरोपी देवेंद्र यादव को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, वही इस पूरे हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता है, जिसने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिलाया।
गौरतलब है कि आरोपी देवेंद्र यादव पर एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, वहीं जिले के आसपास के विभिन्न थानों में भी उसके खिलाफ हत्या, मारपीट, धमकी व अन्य गंभीर धाराओं में कई मामले दर्ज बताए जाते हैं।
वहीं, पीड़ित परिवार ने आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि उसे कड़ी से कड़ी सजा मिल सके और भविष्य में ऐसे अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
इस कार्रवाई के बाद जहां पीड़ित परिवार को न्याय की उम्मीद जगी है, वहीं क्षेत्र में अपराधियों के बीच भय का माहौल व्याप्त हो गया है।


