बस्ती। जनपद के हर्रैया थाना क्षेत्र के भदावल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां पीछे से आ रही डीसीएम एक टैंकर में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डीसीएम के केबिन के परखच्चे उड़ गए और चालक व खलासी अंदर ही फंस गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू किया। मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे चालक और खलासी को बाहर निकाला।
दोनों घायलों को गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि डीसीएम की तेज रफ्तार और संभवतः चालक की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
घटना के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारु कराया। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
टैंकर में पीछे से घुसी डीसीएम, चालक-खलासी फंसे, रेस्क्यू कर निकाले गए घायल


