गाजियाबाद: यूपी के गाजियाबाद (Ghaziabad) में थाना मोदीनगर क्षेत्र में गुरुवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक हिस्ट्रीशीटर (history-sheeter) पर अज्ञात हमलावर ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घायल युवक की पहचान राहुल चौधरी के रूप में हुई है, जो राजनगर का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा, इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
जानकारी के अनुसार, 2 अप्रैल को राहुल चौधरी अपने कुछ साथियों से मिलने मोदीनगर आया हुआ था। बताया जा रहा है कि जब वह सामान लेकर अपनी गाड़ी में बैठा, तभी एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचा और उस पर अचानक फायरिंग कर दी। हमले में राहुल को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद घायल राहुल ने हिम्मत दिखाते हुए स्वयं ही गाड़ी चलाकर संजयनगर स्थित यशोदा अस्पताल पहुंचकर उपचार के लिए भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना मोदीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल से पूछताछ की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और हमलावर की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के खुलासे के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही अन्य तकनीकी व मैनुअल माध्यमों से भी आरोपियों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा, इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।


