कुशीनगर। जिले के भैसहां मेले में बुधवार देर रात बड़ा हादसा हो गया, जब करीब 60 फीट ऊंचा झूला अचानक उखड़कर जमीन पर गिर पड़ा। घटना का वीडियो सामने आने के बाद अफरातफरी और दहशत का मंजर साफ दिखाई दे रहा है। हादसे में करीब 30 लोग घायल हुए हैं, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे झूला पूरी गति से चल रहा था और उसमें लगभग 80 लोग सवार थे। अचानक झूला तेज आवाज के साथ जमीन से उखड़ गया और कुछ ही सेकंड में भरभराकर गिर पड़ा। झूले पर बैठे लोग दूर-दूर तक जा गिरे, जबकि आसपास खड़े लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
घटना के बाद पूरे मेले में चीख-पुकार मच गई। लोग अपने परिजनों को ढूंढते हुए इधर-उधर भागते नजर आए। कई लोग घायलों को गोद में उठाकर एम्बुलेंस तक पहुंचाते दिखे। हादसे के दौरान आसपास की कुछ दुकानें भी झूले की चपेट में आ गईं, जिससे नुकसान और बढ़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे से पहले झूला दो-तीन चक्कर के बाद ही चरमराने लगा था। सवार लोगों ने शोर मचाकर झूला रोकने की गुहार लगाई, लेकिन ऑपरेटर ने इसे नजरअंदाज कर दिया। कुछ ही पलों बाद तेज आवाज के साथ झूला उखड़कर गिर गया।
घटना के बाद प्रशासन हरकत में आया और घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मेला आयोजक ग्राम प्रधान मोहन भारती और झूला संचालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


