ललितपुर जनपद में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के पास से करीब 9 किलो 783 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
तालबेहट कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार मिश्रा अपनी टीम के साथ गश्त पर थे, तभी उन्हें सूचना मिली कि वार्ड नंबर 11 में एक महिला गांजा बेच रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर छापा मारा, जहां महिला गांजा बेचते हुए मिली। पुलिस को देखते ही उसने भागने की कोशिश की, लेकिन महिला पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार महिला की पहचान शिवकुमारी पत्नी हरिशंकर बरार, निवासी मोहल्ला चौबयाना, कस्बा व थाना तालबेहट के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि उसका बेटा राजा बरार ओडिशा और अन्य जिलों से सस्ते दामों पर गांजा लाकर देता था, जिसे वह तालबेहट और मध्य प्रदेश के आसपास के इलाकों में महंगे दामों पर बेचती थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला पहले भी तीन बार गांजा तस्करी के मामलों में पकड़ी जा चुकी है। फिलहाल पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।


