27 C
Lucknow
Thursday, April 2, 2026

सड़क हादसा, लोडिंग टैक्सी की टक्कर से एमए छात्र की मौत

Must read

 

ललितपुर जनपद में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एमए के छात्र की मौत हो गई। यह दुर्घटना बुधवार रात ललितपुर-राजघाट मार्ग पर ग्राम मडवारी के पास हुई, जहां सरिया लदी एक लोडिंग टैक्सी ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक की पहचान पवन कुशवाहा (23) पुत्र राजाराम, निवासी ग्राम देवरी राजघाट के रूप में हुई है। बताया गया कि पवन किसी काम से ललितपुर आया था और रात में बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार लोडिंग टैक्सी ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल अवस्था में उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, पवन अपने परिवार का इकलौता पुत्र था और एमए की पढ़ाई कर रहा था। उसकी असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही लोडिंग टैक्सी चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article