33 C
Lucknow
Thursday, April 2, 2026

स्कूल परिसर में सनसनी: प्रिंसिपल पर दिनदहाड़े फायरिंग से स्कूल परिसर में सनसनी

Must read

लखनऊ। रहीमाबाद थाना क्षेत्र के जुगराजगंज गांव में गुरुवार दोपहर एक स्कूल परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रिंसिपल पर अचानक फायरिंग कर दी गई। घटना प्रभावती देवी शिक्षण संस्थान की है, जहां प्रिंसिपल अनिल कुमार सिंह पर गांव के ही एक युवक ने गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली उन्हें छूते हुए निकल गई और बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत तरौना के मजरे जुगराजगंज स्थित इस स्कूल में गुरुवार दोपहर प्रिंसिपल अनिल कुमार सिंह अपने कार्य में व्यस्त थे। तभी गांव निवासी विजयपाल अपनी कार से स्कूल पहुंचा और सीधे अंदर घुस गया। बताया जा रहा है कि किसी पुरानी रंजिश के चलते उसने यह कदम उठाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विजयपाल ने आते ही प्रिंसिपल को निशाना बनाकर फायर कर दिया। गोली पास में रखी अलमारी के लॉकर से टकराई और दिशा बदलते हुए प्रिंसिपल के पेट को छूती हुई निकल गई। इस घटना में अनिल कुमार सिंह को पेट में चोट आई, लेकिन वे गंभीर रूप से घायल होने से बच गए।

फायरिंग की आवाज सुनते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। छात्र-छात्राएं और स्टाफ घबराकर इधर-उधर भागने लगे। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल प्रिंसिपल को मलिहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार, प्रिंसिपल अनिल और आरोपी विजयपाल के बीच पहले अच्छे संबंध थे और दोनों का उठना-बैठना भी साथ होता था। यहां तक कि हाल ही में जब विजयपाल बीमार पड़ा था, तब अनिल के भाई डॉक्टर मूलचंद ने ही उसका इलाज किया था। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच किसी स्पष्ट विवाद की जानकारी नहीं है और घटना के पीछे की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है।

पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। साथ ही, घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है, ताकि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article