28 C
Lucknow
Wednesday, April 1, 2026

कॅमर्शियल गैस संकट में राहत की आहट, हुई सिलिंडरों की आपूर्ति,

Must read

 

कासगंज। पिछले कई दिनों से कॅमर्शियल गैस सिलिंडरों की किल्लत से जूझ रहे जिले के होटल, ढाबा और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए अब राहत भरी खबर सामने आई है। इंडेन गैस एजेंसी पर सिलिंडरों की आपूर्ति शुरू हो गई है, जिससे लंबे समय से परेशान कारोबारियों ने राहत की सांस ली है। वहीं भारत गैस और एचपी गैस एजेंसियों से भी जल्द आपूर्ति शुरू होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे आने वाले दिनों में स्थिति पूरी तरह सामान्य होने की उम्मीद है।
दरअसल, कॅमर्शियल गैस सिलिंडरों की आपूर्ति बाधित होने के चलते जिले के करीब 150 से अधिक होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे और छोटे-बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठान प्रभावित हो रहे थे। गैस की कमी के कारण कई प्रतिष्ठानों को या तो सीमित स्तर पर काम करना पड़ रहा था या फिर अस्थायी रूप से संचालन बंद करने की स्थिति भी बन गई थी। इससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ ग्राहकों की नाराजगी का भी सामना करना पड़ रहा था।
मंगलवार को इंडेन गैस एजेंसी पर सिलिंडरों की खेप पहुंचने के बाद स्थिति में सुधार के संकेत मिलने लगे हैं। एजेंसी से जुड़े उपभोक्ताओं को उनकी बुकिंग के अनुसार सिलिंडर वितरित किए जा रहे हैं। इंडेन गैस एजेंसी के संचालक मनीष अग्रवाल ने बताया कि फिलहाल 12 कॅमर्शियल सिलिंडर प्राप्त हुए हैं, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर जरूरतमंद कारोबारियों को दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में और आपूर्ति मिलने की संभावना है, जिससे संकट पूरी तरह खत्म हो जाएगा।
वहीं भारत गैस एजेंसी के संचालक देव प्रकाश देवू ने जानकारी दी कि कंपनी से कॅमर्शियल सिलिंडर भेजने की मंजूरी मिल चुकी है और बुधवार तक नई खेप के पहुंचने की उम्मीद है। इसके अलावा एचपी गैस एजेंसी से भी जल्द सप्लाई शुरू होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे बाजार में गैस की उपलब्धता और बेहतर होगी।
व्यापारियों का कहना है कि अगर नियमित आपूर्ति बनी रहती है तो उनका कारोबार फिर से पटरी पर लौट सकता है। प्रशासन और गैस एजेंसियों की ओर से किए जा रहे प्रयासों से अब यह उम्मीद जगी है कि कॅमर्शियल गैस का संकट जल्द ही पूरी तरह समाप्त हो जाएगा और जनजीवन व व्यापारिक गतिविधियां सामान्य रूप से संचालित हो सकेंगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article