हमीरपुरl जिले में ओवरलोड ट्रकों के खिलाफ भाजपा जिलाध्यक्ष शकुंतला निषाद ने मंगलवार रात खुद सड़क पर उतरकर बड़ी कार्रवाई की। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं के साथ बिवांर थाना क्षेत्र के जलालपुर रोड पर चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें करीब 15 ओवरलोड मौरंग से भरे ट्रकों को पकड़ा गया। इस अचानक हुई कार्रवाई से प्रशासन और ट्रांसपोर्टरों में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि शकुंतला निषाद अपने काफिले के साथ मौके पर पहुंचीं और संदिग्ध ट्रकों को रोककर उनकी जांच शुरू कर दी। इस दौरान कई ट्रक ओवरलोड पाए गए, जिन्हें मौके पर ही रोका गया। पूरी कार्रवाई के वीडियो भी सामने आए हैं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं और जिले में चर्चा का विषय बने हुए हैं।
चेकिंग के बाद पकड़े गए सभी ट्रकों को प्रशासन के सुपुर्द कर दिया गया। सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। अधिकारियों का कहना है कि ओवरलोडिंग और अवैध परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
गौरतलब है कि हमीरपुर जिले में मौरंग के ओवरलोड ट्रकों और बिना वैध दस्तावेजों के परिवहन का मुद्दा लंबे समय से बना हुआ है। प्रशासन द्वारा समय-समय पर कार्रवाई की जाती रही है, लेकिन इसके बावजूद इस पर पूरी तरह रोक नहीं लग पाई है, जिससे राजस्व और सड़क सुरक्षा दोनों पर असर पड़ता है।
भाजपा जिलाध्यक्ष की इस पहल के बाद जिले में इस मुद्दे को लेकर नई बहस छिड़ गई है। लोग इसे सख्त कार्रवाई की दिशा में एक मजबूत कदम मान रहे हैं, वहीं प्रशासन पर भी अब और प्रभावी निगरानी और कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।


