शाहजहांपुर। विकास भवन सभागार में सोमवार को लखनऊ स्थित लोक भवन से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इस दौरान प्रदेश स्तर पर नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र, स्मार्टफोन और ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस वितरित किए गए, साथ ही बाल विकास परियोजना कार्यालयों व आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण भी किया गया। जनपद में 3 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और 346 सहायिकाओं का चयन किया गया है। कार्यक्रम के दौरान ऑनलाइन चयन प्रक्रिया से चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए और स्मार्टफोन वितरित किए गए। विधायक ददरौल अरविंद कुमार ने नवनियुक्त कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को बधाई देते हुए कहा कि वे अपने केंद्रों का संचालन बेहतर ढंग से करें और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाएं। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने निर्देश दिए कि स्मार्टफोन का उपयोग करते हुए पोषण ट्रैकर पर शत-प्रतिशत फीडिंग सुनिश्चित की जाए, जिससे योजनाओं की निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन हो सके। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह सिनसिनवार, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविंद रस्तोगी समेत संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


