लखनऊ। हुसैनाबाद इलाके में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष नो-पार्किंग अभियान चलाया। सड़कों पर अव्यवस्थित खड़े वाहनों के कारण लगातार जाम की स्थिति बन रही थी, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
अभियान के तहत पुलिस ने इलाके में जगह-जगह नो-पार्किंग के पोस्टर लगाए और वाहन चालकों को सख्त चेतावनी दी कि वे निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़े करें। विशेष रूप से पिक्चर गैलरी के पीछे पार्किंग की व्यवस्था बताई गई है, जहां वाहन खड़े करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने साफ किया है कि सड़क किनारे या अवैध तरीके से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान कई वाहन चालकों को मौके पर समझाइश भी दी गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि हुसैनाबाद क्षेत्र में यातायात सुचारू बना रहे और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
हुसैनाबाद में ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने को पुलिस सख्त, नो-पार्किंग अभियान तेज


