मैनपुरी।यातायात नियमों के पालन को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक वाहन चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली क्षेत्र के करहल चौराहा पर संचालित किया गया।
चेकिंग के दौरान ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 80 वाहनों का चालान किया गया। इन चालानों के माध्यम से करीब 1.20 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस ने हेलमेट न पहनने, सीट बेल्ट का उपयोग न करने, दस्तावेज अधूरे होने और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर सख्ती दिखाई। अभियान के दौरान वाहन चालकों को नियमों के पालन के लिए जागरूक भी किया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़े।
ट्रैफिक पुलिस का सख्त चेकिंग अभियान, 80 वाहनों पर 1.20 लाख का जुर्माना


