संन्यास के बाद पहली बार विदेशी फ्रेंचाइजी लीग में खेलेंगे, मेजर लीग क्रिकेट से जुड़कर रचा इतिहास
लखनऊ| भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन अब एक नए अध्याय की शुरुआत करने जा रहे हैं। उन्होंने अमेरिका की टी-20 लीग मेजर लीग क्रिकेट के आगामी सीजन के लिए सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स टीम के साथ करार किया है। इसके साथ ही वह इस लीग में खेलने वाले पहले पूर्व भारतीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बन गए हैं।
अश्विन ने दिसंबर 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेकर अपने शानदार करियर को विराम दिया था। लंबे समय तक भारतीय टीम की स्पिन गेंदबाज़ी की रीढ़ रहे अश्विन ने टेस्ट क्रिकेट में कई रिकॉर्ड बनाए और टीम को कई यादगार जीत दिलाईं।
संन्यास के बाद उन्होंने 2025 के आईपीएल सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेला, लेकिन यह सीजन उनके लिए खास नहीं रहा। इसके बाद उन्होंने आईपीएल से भी संन्यास लेने का फैसला किया और अब पूरी तरह से वैश्विक लीगों की ओर रुख कर लिया है।
अपने पूरे करियर के दौरान अश्विन ने भारत के बाहर किसी भी टी-20 फ्रेंचाइजी लीग में हिस्सा नहीं लिया था। यह पहला मौका होगा जब वह आईपीएल के अलावा किसी विदेशी लीग में खेलते नजर आएंगे। इससे पहले उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग में सिडनी थंडर के साथ करार किया था, लेकिन घुटने की सर्जरी के कारण वह उस टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले पाए थे।
अमेरिका में खेलने को लेकर अश्विन काफी उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में उन्होंने डलास में एक प्रदर्शनी मैच खेला था, जहां एशियाई मूल के लोगों के बीच क्रिकेट को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
अश्विन का मानना है कि अमेरिका में क्रिकेट का भविष्य बेहद उज्ज्वल है। उन्होंने कहा कि वहां के बच्चे और युवा तेजी से इस खेल की ओर आकर्षित हो रहे हैं और वह इस बदलाव को करीब से देखना चाहते हैं।
मेजर लीग क्रिकेट के अधिकारियों ने भी अश्विन के जुड़ने पर खुशी जताई है। उनका कहना है कि अश्विन जैसे अनुभवी खिलाड़ी का लीग में आना इसकी बढ़ती लोकप्रियता और स्तर को दर्शाता है।
साल 2028 में लॉस एंजिल्स ओलंपिक खेलों में क्रिकेट की वापसी होने जा रही है। करीब 128 साल बाद ओलंपिक में क्रिकेट शामिल होगा, जिससे अमेरिका में इस खेल को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
मेजर लीग क्रिकेट में आईपीएल का गहरा प्रभाव भी देखने को मिलता है। लीग की 6 में से 3 टीमों के मालिक वही समूह हैं, जिनके पास आईपीएल टीमें भी हैं। इनमें एमआई न्यूयॉर्क, टेक्सास सुपर किंग्स और एलए नाइट राइडर्स शामिल हैं।
इस लीग का चौथा सीजन 18 जून 2026 से शुरू होगा। मुकाबले टेक्सास, लॉस एंजिल्स और ओकलैंड में खेले जाएंगे, जबकि फाइनल मुकाबला 18 जुलाई को ओकलैंड कोलिजियम में आयोजित होगा।
अश्विन की टीम सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स अब तक खिताब जीतने में सफल नहीं हो पाई है। हालांकि टीम 2024 में फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन उसे हार का सामना करना पड़ा था।


