कासगंज। एटा लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत कासगंज जिले के नदरई क्षेत्र में बह रही पक्की हजारा नहर की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर समाजवादी पार्टी के सांसद देवेश शाक्य ने संसद में जोरदार तरीके से मुद्दा उठाया। उन्होंने नहर के आसपास लगातार हो रही दुर्घटनाओं, पशुओं की मौत और आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए केंद्र और संबंधित विभागों से त्वरित कार्रवाई की मांग की।
सांसद ने कहा कि नदरई के पास से गुजर रही पक्की हजारा नहर में आए दिन पशु फंस जाते हैं, जिससे उनकी मौत हो जाती है। वहीं, इसके समीप स्थित कच्ची नहर में डूबने से कई लोगों की जान भी जा चुकी है, जिससे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने पक्की नहर के किनारे हर सौ मीटर पर सीढ़ियां बनवाने की मांग रखी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों और पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।
इसके साथ ही सांसद ने कच्ची नहर क्षेत्र में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की स्थायी यूनिट तैनात करने की भी मांग की, जिससे दुर्घटनाओं के समय त्वरित राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि समय पर मदद न मिलने के कारण कई बार जानमाल का बड़ा नुकसान हो जाता है, जिसे रोका जा सकता है।
सांसद देवेश शाक्य ने नदरई स्थित ऐतिहासिक झाल के पुल पर चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है, जिससे पुल की ऐतिहासिकता और मजबूती दोनों प्रभावित हो सकती हैं। उन्होंने इस कार्य की तकनीकी लेखा परीक्षा समिति (टीएसी) से जांच कराने और जांच पूरी होने के बाद ही ठेकेदार को भुगतान किए जाने की मांग की।
उन्होंने यह भी बताया कि झाल का पुल क्षेत्र में एक प्रमुख आकर्षण केंद्र है, जहां आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग घूमने के लिए आते हैं। लेकिन पूर्व में यहां आपराधिक घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल बना रहता है। ऐसे में उन्होंने नहर क्षेत्र में स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग करते हुए कहा कि इससे कानून-व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को सुरक्षा का एहसास मिलेगा।
सांसद द्वारा संसद में उठाए गए इन मुद्दों के बाद अब क्षेत्रीय लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही नदरई नहर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं को लेकर ठोस कदम उठाए जाएंगे।


