फर्रुखाबाद। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान 2026 के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी द्वारा मंडल स्तर पर प्रशिक्षण वर्गों की शुरुआत कर दी गई है। इसी क्रम में जहानगंज मंडल का प्रशिक्षण वर्ग दरियावगंज स्थित लक्ष्मी गेस्ट हाउस में आयोजित किया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यप्रणाली और विचारधारा से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में जिला संगठन प्रभारी शिव महेश दुबे ने प्रथम सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा में प्रशिक्षण एक सतत प्रक्रिया है, जो संगठन को अन्य दलों से अलग बनाती है। उन्होंने कहा कि नए कार्यकर्ताओं को संगठन की रीति-नीति और विचारधारा से जोड़ना आवश्यक है, ताकि वे अनुशासित होकर जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग पार्टी की विशिष्ट कार्य पद्धति का हिस्सा है और समय-समय पर ऐसे आयोजन होते रहते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे स्वयं को पदाधिकारी नहीं बल्कि कार्यकर्ता मानकर संगठन के लिए कार्य करें।
सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि वे सांसद बनने से पहले एक कार्यकर्ता हैं और हर पदाधिकारी को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उदाहरण देते हुए कहा कि सेवा भाव और समर्पण से ही व्यक्ति उच्च पदों तक पहुंचता है।
जिला मंत्री अभिषेक बाजपेई ने कहा कि सभी कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने के लिए सक्रिय रहें और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करें। कार्यक्रम में पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक वीरेंद्र सिंह राठौर , मंडल अध्यक्ष अनुज कटियार, पूर्व मंडल अध्यक्ष अरविंद कटिहार, शैलेंद्र सिंह राजपूत सहित कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।


