28 C
Lucknow
Saturday, March 28, 2026

नलकूप के जलाशय में डूबने से 3 वर्षीय मासूम की मौत, गांव में मचा कोहराम

Must read

शमशाबाद, फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र के ग्राम फरीदपुर मंगलीपुर में एक हृदय विदारक घटना सामने आई, जहां खेल के दौरान नलकूप के जलाशय में डूबने से एक तीन वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी गोविंद सक्सेना का तीन वर्षीय पुत्र देवांश अन्य बच्चों के साथ गांव के पास स्थित एक नलकूप के निकट खेल रहा था। खेलते-खेलते अचानक वह नलकूप के जलाशय में गिर गया और देखते ही देखते पानी में डूबने लगा।
बताया गया कि घटना के समय साथ खेल रहे बच्चे घबरा गए और तुरंत घर की ओर भागे। कुछ बच्चों ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। जब उन्होंने मासूम देवांश को जलाशय में देखा तो चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। देवांश पांच भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई सत्यम, उत्तम, गौतम और राज हैं। बेटे की असमय मौत से मां तिलका देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
बताया गया है कि इस घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई और परिजनों द्वारा मासूम का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस संबंध में थाना प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि उन्हें इस घटना की कोई जानकारी नहीं दी गई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article