फर्रुखाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में “निपुण विद्यालय रंगारंग समारोह” का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद स्तर पर निपुण घोषित विद्यालयों के शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (नगर) तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने निपुण कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि जनपद में कुल 478 विद्यालयों को निपुण घोषित किया गया है। इन विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं इंचार्ज प्रधानाध्यापकों को जिलाधिकारी द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी ने शिक्षकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि निपुण विद्यालय अपने-अपने विकास खंड में प्रेरक भूमिका निभाएं और अन्य विद्यालयों को भी इस दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम में जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) जतिन रंजन मिश्रा, सभी एसआरजी एवं एआरपी सहित शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारी और शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आकाश मिश्रा द्वारा किया गया।
यह समारोह शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों के सम्मान और प्रोत्साहन के उद्देश्य से आयोजित किया गया, जिससे जिले में शैक्षिक गुणवत्ता को और सुदृढ़ किया जा सके।
“निपुण विद्यालय रंगारंग समारोह” आयोजित, 478 विद्यालयों के शिक्षकों का हुआ सम्मान


