उन्नाव। सदर कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 15 लाख रुपये से अधिक की चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में चार शातिर चोरों को गिरफ्तार करने के साथ ही चोरी का माल खरीदने वाले एक ज्वेलर्स को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक जेपी सिंह ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी काफी समय से जिले में सक्रिय थे और सुनसान घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपी पहले क्षेत्र में रेंकी करते थे और घर के खाली होने की पुष्टि के बाद योजनाबद्ध तरीके से चोरी करते थे।
एसपी ने बताया कि पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और सर्विलांस की मदद से इन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात कबूल की है। इनके पास से चोरी के जेवरात और अन्य सामान भी बरामद किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने बताया कि चोरी का माल स्थानीय ज्वेलर्स के माध्यम से खपाया जाता था, जिसे भी इस मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय चोरी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी है।
एसपी जेपी सिंह ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी हालत में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।


