24 C
Lucknow
Friday, March 27, 2026

छेड़छाड़ का विरोध करने पर बवाल, दो पक्षों में जमकर मारपीट

Must read

क्रासर
एक नामजद व एक अज्ञात पर मुकदमा दर्ज, झोपड़ी में आग लगने से बढ़ा तनाव
कंपिल, फर्रुखाबाद।
कंपिल थाना क्षेत्र के एक गांव में छेड़छाड़ का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते बड़े विवाद में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया, जिसे देखते हुए पुलिस को मौके पर पिकेट तैनात करनी पड़ी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी एक व्यक्ति ने थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पुत्र की बारात आगामी 29 अप्रैल को जानी है, जिसके चलते घर में रिश्तेदार महिलाएं और युवतियां मौजूद हैं। आरोप है कि देर शाम पड़ोस के युवक लाल सिंह अपने एक साथी के साथ आया और घर की एक युवती से छेड़छाड़ करते हुए अश्लील फब्तियां कसने लगा।
जब युवती ने इसका विरोध किया तो आरोपी युवक गाली-गलौज पर उतर आया। शोर-शराबा सुनकर दोनों पक्षों के करीब दर्जनभर लोग मौके पर एकत्र हो गए और देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया। एहतियातन गांव में पुलिस पिकेट भी तैनात कर दी गई।
इसी बीच, विवाद के बाद पड़ोस में स्थित एक झोपड़ी में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई, जिससे उसमें रखा अनाज जलकर राख हो गया। इस घटना के बाद आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। आरोपित पक्ष ने पीड़ित पक्ष पर झोपड़ी में आग लगाने का आरोप लगाया है।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार दोपहर आरोपी लाल सिंह और उसके एक अज्ञात साथी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि मुख्य आरोपी घटना के बाद से फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
थाना प्रभारी नितिन चौधरी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article