संभल। रमजान माह के बाद पहली जुमे की नमाज शुक्रवार को जिले में शांतिपूर्ण और खुशनुमा माहौल में अदा की गई। मौसम सुहावना होने के चलते बड़ी संख्या में लोग नमाज में शामिल हुए। करीब 1000 नमाजियों ने एकत्र होकर देश, दुनिया और शहर में अमन-शांति, भाईचारे और तरक्की के लिए दुआ मांगी।
नमाज को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत दो थानों की पुलिस के साथ आरआरएफ और पीएसी के जवानों की तैनाती की गई थी। शाही जामा मस्जिद के आसपास विशेष निगरानी रखी गई और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरा बनाकर कवर किया गया।
सत्यव्रत पुलिस चौकी पर बनाए गए सीसीटीवी कंट्रोल रूम से जामा मस्जिद क्षेत्र की लगातार निगरानी की जाती रही। मस्जिद की ओर आने वाले तीनों प्रमुख रास्तों पर बैरियर लगाकर पुलिस बल तैनात किया गया था। नमाज अदा करने आने वाले लोगों के अलावा अन्य किसी को इन मार्गों से प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।
दोपहर करीब 1:40 बजे मुस्लिम समुदाय के लोग मस्जिद में एकत्र हुए और जुमे की नमाज अदा की। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही। सत्यव्रत पुलिस चौकी इंचार्ज विकास निर्वाल अपनी टीम के साथ मौके पर तैनात रहे और पूरे कार्यक्रम पर नजर बनाए रखी।
नमाज में शहर के कई गणमान्य लोग भी शामिल हुए, जिनमें नवाब साद आदिल मोहम्मद फैसल, जियाउल हक, रेहान, अजीम, मोहम्मद शाह हुसैन, कमर, कमाल, शमीम, इसरार हुसैन, आदिल, शकील, अकील, नन्हे और गुलाम आजाद प्रमुख रहे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि नमाज पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। अल्ली पहलवान ने कहा कि करीब 1000 लोगों ने नमाज में शिरकत की और सभी ने मिलकर अमन-चैन की दुआ की। वहीं सईद अख्तर अंसारी और मुजम्मिल हयात खान ने भी नमाज के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन पर संतोष जताते हुए इसे आपसी भाईचारे का प्रतीक बताया।


