बहराइच: समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए जनपद बहराइच में बड़ा पुनर्वास अभियान चलाया गया। विकट परिस्थितियों में जीवन यापन कर रहे 118 लाभार्थियों को पुनर्वास के तहत ₹21.55 करोड़ से अधिक की धनराशि का अंतरण किया गया।
यह सहायता केवल आर्थिक मदद तक सीमित नहीं रही, बल्कि लाभार्थियों को कृषि भूमि सहित अन्य परिसंपत्तियों के समतुल्य संसाधन भी उपलब्ध कराए गए, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।
इस दौरान 136 परिवारों को भी बड़ी राहत दी गई। इन्हें
मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास,शौचालय,तथा आवास निर्माण हेतु भूमि के पट्टे वितरित किए गए।
कार्यक्रम में बताया गया कि यह पहल समाज के कमजोर और वंचित वर्ग को मुख्यधारा में लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रशासन का लक्ष्य है कि ऐसे परिवारों को स्थायी आवास और आजीविका के साधन उपलब्ध कराकर उनका जीवन स्तर बेहतर किया जाए।
यह पूरा आयोजन महर्षि बालार्क की तपोभूमि और महाराजा सुहेलदेव की वीरभूमि बहराइच में संपन्न हुआ, जो ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जाता है।
सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया कि भविष्य में भी ऐसे पुनर्वास कार्यक्रम जारी रहेंगे, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति विकास की धारा से पीछे न रह जाए।


