फर्रुखाबाद: जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत मऊदरवाजा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कुख्यात माफिया अनुपम दुबे गैंग के वांछित सदस्य संदीप पाठक उर्फ अक्कू पाठक को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई बीती रात करीब 12:30 बजे उसके घर से की गई।
मऊदरवाजा थानाध्यक्ष अजब सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी संदीप पाठक (उम्र 44 वर्ष) कोतवाली फर्रुखाबाद क्षेत्र के मोहल्ला महावीरगंज द्वितीय का निवासी है। वह गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में लंबे समय से वांछित चल रहा था और पुलिस को उसकी तलाश थी।
उन्होंने बताया कि 13 नवंबर 2021 को कोतवाली फर्रुखाबाद में मु0अ0सं0 899/21 के तहत गैंगस्टर एक्ट की धारा 3(1) में एक मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में अनुपम दुबे सहित कुल 11 आरोपियों को नामजद किया गया था। यह गिरोह क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों के लिए कुख्यात रहा है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गोपनीय तरीके से सूचना एकत्र कर संदीप पाठक उर्फ अक्कू पाठक को उसके निवास स्थान से गिरफ्तार किया गया।
थानाध्यक्ष ने यह भी बताया कि इस अभियान के दौरान पुलिस ने अन्य पांच वारंटियों को भी गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है, वहीं आम जनता ने राहत की सांस ली है। अधिकारियों का कहना है कि आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।


