– मालिक गिरफ्तार, मलबे में ‘लूट’ से बढ़े सवाल
प्रयागराज। फाफामऊ स्थित चंदापुर गांव में हुए कोल्ड स्टोरेज हादसे के बाद प्रशासनिक कार्रवाई तेज हो गई है। प्रदेश के खाद्य एवं प्रसंस्करण मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने मामले को गंभीर मानते हुए जिला उद्यान अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव के निलंबन के निर्देश दिए हैं। शुरुआती जांच में लापरवाही सामने आने के बाद यह बड़ा फैसला लिया गया है।
हादसे के सिलसिले में पुलिस ने कोल्ड स्टोरेज के मालिक और सपा नेता अंसार अहमद को गिरफ्तार कर लिया है। उन पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस हादसे में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं, जिनका इलाज जारी है।
घटना के बाद राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। प्रशासन की टीमों ने रातभर मलबा हटाने का काम किया और मंगलवार सुबह भी जेसीबी मशीनों की मदद से अभियान जारी रहा। अधिकारियों का कहना है कि मलबे में फंसे लोगों की तलाश लगभग पूरी हो चुकी है, लेकिन एहतियात के तौर पर हर हिस्से की जांच की जा रही है।
हादसे के बाद एक और चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई, जब मलबा हटते ही आलू के बोरों की लूट शुरू हो गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचकर बोरे उठाते नजर आए। हैरानी की बात यह रही कि एक सरकारी वाहन भी आलू लादते हुए देखा गया, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने अब सख्ती बढ़ा दी है। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और बिना अनुमति किसी को भी परिसर में प्रवेश नहीं दिया जा रहा। सोमवार की घटनाओं के बाद मंगलवार को हालात अपेक्षाकृत नियंत्रण में नजर आए।
मौके पर पहुंचे अधिकारियों, जिनमें मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल और जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा शामिल हैं, ने हादसे की गहन जांच के निर्देश दिए हैं। प्रारंभिक तौर पर निर्माण और सुरक्षा मानकों में बड़ी लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जबकि पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग भी तेज हो गई है।


