प्रयागराज: यूपी के प्रयागराज (Prayagraj) जिले में सोमवार दोपहर फाफामऊ थाना क्षेत्र के चंदापुर इलाके में स्थित एक कोल्ड स्टोरेज (cold storage) की इमारत गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे के साथ ही कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस का रिसाव भी हुआ, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। प्रशासन के अनुसार, इस घटना में अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 8 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का SRN मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है, NDRF, SDRF, दमकल और पुलिस की टीमें रेस्क्यू में जुटी हैं। सीएम योगी ने कोल्ड स्टोरेज हादसे का संज्ञान लिया, मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की, मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए NDRF को भी रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया है। मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है और लगातार राहत-बचाव कार्य जारी है। मौके पर कई आला अधिकारी मौजूद हैं, कोल्ड स्टोरेज मालिक के करीबी लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कोल्ड स्टोरेज सपा नेता अंसार अहमद का बताया जा रहा है, इमारत काफी पुरानी और जर्जर थी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज कोल्ड स्टोरेज हादसे का संज्ञान लिया, मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की, मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की, साथ ही घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अमोनिया गैस के रिसाव के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन में कठिनाई आ रही है। बचावकर्मी सुरक्षा उपकरणों के साथ मलबे में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि प्राथमिकता मलबे में दबे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। पूरे इलाके को घेर लिया गया है और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।


